पशुशाला में घुसा तेंदुआ, बछड़ी पर किया हमला

 

हमीरपुर/सुजानपुर:-.  ग्राम पंचायत ख्याह-लोहाखरियां के धंगोटा ब्राह्मणा गांव में दहशत का मंजर देखने को मिला। तेंदुए ने राजकुमार की पशुशाला में घुसकर 4 माह की सौंधी बछड़ी पर हमला बोल दिया। पशुओं के अचानक रंभाने की आवाज सुनकर राजकुमार और परिजनों की नींद टूटी।

 

उन्होंने शोर मचाया तो तेंदुआ बछड़ी को गले पर झपटा मारकर मौके से भाग निकला। गनीमत रही कि समय पर शोर मचने से बछड़ी की जान बच गई। सुबह सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बछड़ी का इंजेक्शन व प्राथमिक उपचार किया।

पीड़ित राजकुमार का कुछ समय पहले ही सिर का ऑपरेशन हुआ है। परिवार के इकलौते कमाने वाले राजकुमार अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं, जिस वजह से दिहाड़ी-मजदूरी भी नहीं कर पा रहे। ऐसे में बछड़ी का घायल होना उनके लिए दोहरी मार बन गया है।

 

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तेंदुए का खौफ है। महिलाएं दिन में भी घासनी से हरा चारा लाने जाने से डर रही हैं। अभिभावक बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से घबरा रहे हैं।

 

पंचायत प्रधान संजीव कुमार उर्फ संजू भाई, जिला परिषद सदस्य मनजीत सिंह धीमान, बीडीसी सदस्य सीमा देवी सहित समस्त पंचायत वासियों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि राजकुमार के परिवार को तुरंत उचित आर्थिक सहायता दी जाए तथा क्षेत्र में बढ़ते तेंदुए को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा लगाया जाए।

 

गांव वालों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अगला शिकार कोई इंसान भी हो सकता है।

[post-views]