डॉ. के घर चोरी, हमीरपुर में बेचा सोना: 2 आरोपी रिमांड पर

धर्मशाला/कांगड़:-  कांगड़ा पुलिस ने धर्मशाला के फतेहपुर क्षेत्र में एक डॉक्टर के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले घर की रेकी की थी और महिला के घर से बाहर होने का फायदा उठाकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा सबूत मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर लिया था। मामले में एफआईआर संख्या 96/2026 दर्ज की गई है।

 

पुलिस के अनुसार फतेहपुर निवासी एक डॉक्टर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर से भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने, नकदी और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी हो गया है।

 

इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की तह तक पहुंचते हुए कल्याड़ (गग्गल) निवासी अंजू और उसके साथी चंदन को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने वारदात से पहले घर की पूरी रेकी की थी। उन्हें जानकारी थी कि घर में रहने वाली महिला एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गई हुई है।

 

इसी अवसर का लाभ उठाकर दोनों ने घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।

हमीरपुर का आभूषण कारोबारी (सुनार) पर भी शिकंजा

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी चंदन ने बताया कि चोरी किए गए सोने के आभूषण हमीरपुर के सुनार विवेक कुमार को बेच दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनार तक पहुंच बनाई और उसके कब्जे से करीब 15 तोला पिघला हुआ सोना तथा लगभग एक किलोग्राम चांदी बरामद की।

 

पुलिस ने विवेक कुमार के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 341(4) के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चंदन का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से लंबा रहा है। उसके खिलाफ कांगड़ा सहित विभिन्न जिलों में चोरी के 11 मामले पहले से दर्ज हैं।

 

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए थे या नहीं तथा चोरी का माल और किन-किन स्थानों पर खपाया गया।

 

पुलिस ने आरोपी अंजू और चंदन के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 एवं 341(4) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर चोरी के अन्य मामलों, संभावित सहयोगियों तथा चोरी के शेष माल की बरामदगी को लेकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

[post-views]