



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नगर निगम के दरूही वार्ड स्थित राजकीय उच्च विद्यालय मटाहनी (अग्नि विद्यालय) में आज स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के चुनाव उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।

चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए, जिसमें श्री विजय कुमार को एसएमसी प्रधान तथा श्रीमती सुमना देवी को उपप्रधान निर्विरोध चुना गया। उपस्थित अभिभावकों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पमालाएँ पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।



नवनिर्वाचित एसएमसी प्रधान श्री विजय कुमार ने कहा कि वे विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों तथा अभिभावकों के साथ मिलकर विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं अनुशासित वातावरण तैयार करने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी प्राप्त करें।






उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा, जिससे वे नशे तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।


विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई एसएमसी विद्यालय के सर्वांगीण विकास तथा विद्यार्थियों के हित में प्रभावी भूमिका निभाएगी। नव-निर्वाचित टीम को सभी ने शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।























