



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- खरीफ मौसम के दौरान मक्का फसल को फॉल आर्मी वर्म (Fall Armyworm) के प्रकोप से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग नादौन एवं कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), हमीरपुर की संयुक्त टीम ने ग्राम सेरा, ग्राम पंचायत करौर (G.P. Karur) में किसानों के खेतों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण दल में कृषि विभाग नादौन के Subject Matter Specialist डॉ. अंकुश कुमार, कृषि विकास अधिकारी डॉ. भारत भूषण राणा, तथा कृषि विज्ञान केंद्र, हमीरपुर के वैज्ञानिक डॉ. नवनीत जरियाल एवं डॉ. छवि शामिल रहे।




निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने मक्का फसल में फॉल आर्मी वर्म की स्थिति का आकलन किया तथा किसानों को इसकी समय पर पहचान, नियमित निगरानी एवं समेकित कीट प्रबंधन (IPM) के बारे में विस्तृत जानकारी दी।






किसानों को सलाह दी गई कि वे फसल का नियमित निरीक्षण करते रहें तथा प्रकोप दिखाई देने पर कृषि विभाग की अनुशंसा के अनुसार ही नियंत्रण उपाय अपनाएँ। साथ ही खेतों में फेरोमोन ट्रैप लगाने, अंडों एवं छोटी सूंडियों को नष्ट करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अनुशंसित कीटनाशकों का वैज्ञानिक सलाह के अनुसार प्रयोग करने की सलाह भी दी गई।


विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर निगरानी एवं वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाकर फॉल आर्मी वर्म से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कृषि विभाग ने सभी मक्का उत्पादक किसानों से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार के प्रकोप की सूचना तुरंत अपने नजदीकी कृषि कार्यालय को देने का आग्रह किया।























