



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- आम लोगों को नशे के विरुद्ध जागरुक करने के लिए वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ा में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने जागरुकता रैली भी निकाली।

एडीसी, एसडीएम, अन्य अधिकारियों ने भी नशा विरोधी रैली में लिया भाग




इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए एडीसी अभिषेक गर्ग ने कहा कि नशे की बढ़ती समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए सरकार ने विशेष अभियान चलाया है।






विशेषकर, चिट्टे जैसे अत्यंत खतरनाक नशीले पदार्थ की तस्करी को रोकने के लिए एंटी चिट्टा अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है।


अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं पंचायत जनप्रतिनिधियों ने भी अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा विरोधी जनजागरण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।



उन्होंने कहा कि चिट्टा जैसी घातक बुराई के खिलाफ प्रशासन, पंचायतें, विद्यालय, अभिभावक एवं समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा।


कार्यक्रम के दौरान ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सभी विद्यार्थियों और अन्य लोगों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह, बीडीओ रजत चौधरी, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, ग्राम पंचायत टिब्बी की प्रधान नीना देवी, उप प्रधान त्रिलोक चंद, ग्राम पंचायत कुठेड़ा की प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान उत्तम चंद, दोनों पंचायतों के पंचायत सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।


















