गर्भवती माताओं के सुरक्षित मातृत्व हेतु पीएमएसएमए के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत आज स्वास्थ्य संस्थान में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रसवपूर्व (Antenatal) स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने किया।

शिविर में गर्भवती महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच, आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण, रक्तचाप एवं हीमोग्लोबिन की जांच, पोषण एवं सुरक्षित मातृत्व संबंधी परामर्श तथा उच्च जोखिम (High-Risk Pregnancy) वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं फॉलो-अप की सलाह दी गई।

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर नियमित जांच करवाने, संतुलित आहार लेने, आयरन एवं कैल्शियम की दवाओं का नियमित सेवन करने तथा संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि “स्वस्थ मां ही स्वस्थ शिशु और समृद्ध समाज की आधारशिला है। समय पर जांच और उचित देखभाल से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।”

 

इस दौरान चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने भी गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित गर्भावस्था, पोषण, टीकाकरण तथा प्रसव पूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

 

स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का अधिकतम लाभ उठाकर अपने एवं अपने होने वाले शिशु के स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करें।

[post-views]