650 अभिभावकों की सहभागिता के साथ हिम अकादमी  में पीटीएम आयोजित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में शनिवार को कक्षा पहली से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का सफल आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान अध्यापकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, अध्ययन की आदतों, व्यवहार तथा समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर विशेष रूप से कक्षा तीसरी से आठवीं तक आयोजित पीरियॉडिक टेस्ट–1 के परीक्षा परिणामों एवं विद्यार्थियों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई।

शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की विषयवार उपलब्धियों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन एवं निरंतर अभ्यास पर बल दिया।

बैठक के दौरान विद्यालय में संचालित SEVA (Social Empowerment through Values in Action) कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में विकसित किए जा रहे सेवा भाव, मानवीय मूल्यों एवं नैतिक संस्कारों की जानकारी भी अभिभावकों के साथ साझा की गई।

विद्यार्थियों के व्यवहार, अनुशासन, सेवा संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण को लेकर अध्यापकों एवं अभिभावकों के बीच सार्थक मंत्रणा हुई।

अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा दिए जा रहे मूल्यपरक एवं संस्कारयुक्त शिक्षण की सराहना करते हुए अपने सुझाव भी साझा किए।

विद्यालय प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थियों का शैक्षणिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास और अधिक सुदृढ़ होगा।

 

[post-views]