



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शिमला कार्यालय ने विकास खंड सुजानपुर की ग्राम पंचायत भलेठ के गांव दरयाल और हमीरपुर के निकटवर्ती गांव डुग्घा में वित्तीय साक्षरता एवं ग्राहक जागरुकता शिविर आयोजित किए, जिनमें आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आरबीआई के शिमला कार्यालय ने भलेठ के गांव दरयाल और हमीरपुर के डुग्घा में आयोजित किए शिविर



इस अवसर पर उन्होंने लोगों को विभिन्न बैंकों के ग्राहक के रूप में उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक खाताधारकों को अपनी ई-केवाईसी करवाने तथा डिजिटल ठगों से सावधान रहने की सलाह भी दी।






कार्यक्रम के दौरान लोगों को पीएम स्वास्थ्य बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, फसल बीमा योजना, पीपीएफ और कई अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई।


इस मौके पर अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कुमार कतना और अन्य अधिकारियों ने आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक, अन्य अधिकारियों तथा शिविरों के प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा बैंकिंग के क्षेत्र में जिला हमीरपुर की उपलब्धियों की जानकारी दी।



दोनों शिविरों के दौरान आरबीआई के उप महाप्रबंधक जसविंद्र सिंह औजला, पीएनबी के सर्कल कार्यालय के उप प्रमुख पोविंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत भलेठ की प्रधान मीरा देवी और अन्य लोग भी उपस्थित थे।




















