“दिल दहला देने वाली वारदात” शराब के नशे में बेटे ने पीट-पीटकर पिता की ली जान

हमीरपुर:- जिला हमीरपुर के उप-मंडल भोरंज थाना क्षेत्र के बड़ैहर गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां कथित तौर पर शराब के नशे में बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता रत्न चंद की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

कहासुनी के बाद हुआ जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:15 बजे पिता और बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रारंभिक जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।

 

विवाद बढ़ने पर आरोपी बेटे ने गुस्से में आकर पिता पर मुक्कों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रत्न चंद को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

आरोपी बेटा गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही भोरंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

 

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

गुरुवार सुबह बिलासपुर से पहुंची फोरेंसिक साइंस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी बेटा बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर कार्यरत है।

 

डीएसपी भोरंज लालमन शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[post-views]