महाविद्यालय में वाणिज्य विभाग द्वारा वित्तीय साक्षरता संगोष्ठी का सफल आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :-   राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर (हि.प्र.) के वाणिज्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “वित्तीय साक्षरता संगोष्ठी” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “वित्तीय जागरूकता के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना” रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभागियों के पंजीकरण के साथ हुआ। इसके उपरांत वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. नरेश कुमार ने महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. सतीश सोनी, मुख्य वक्ता एवं वित्तीय विशेषज्ञ विकास चौहान, अन्य गणमान्य अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

 

अपने स्वागत संबोधन में डॉ. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में वित्तीय साक्षरता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

 

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक विद्यार्थी के लिए बचत, निवेश, बीमा तथा डिजिटल बैंकिंग का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वाणिज्य विभाग की इस सार्थक पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया।

 

मुख्य वक्ता एवं वित्तीय विशेषज्ञ श्री विकास चौहान ने अपने प्रेरणादायी व्याख्यान में व्यक्तिगत वित्तीय योजना, बजट एवं बचत, निवेश के अवसर, डिजिटल बैंकिंग एवं यूपीआई, डिजिटल लेन-देन में साइबर सुरक्षा, बीमा एवं जोखिम प्रबंधन, वित्तीय लक्ष्य निर्धारण तथा धन सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सही वित्तीय निर्णय भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने की कुंजी हैं।

व्याख्यान के पश्चात आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

 

इस अवसर पर डॉ. कनिका कौंडल, प्रो. दीक्षा, प्रो. कृष्ण तथा वाणिज्य विभाग के अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

कार्यक्रम का समापन प्रो. कृष्ण द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि, मुख्य वक्ता, प्राचार्य, सभी प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

[post-views]