इंस्पायर मानक योजना 2026–27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रारम्भ

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रारम्भ हो गए हैं।

 

उप निदेशक (प्रारम्भिक शिक्षा), हमीरपुर कमल किशोर भारती ने जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों को निर्देशित किया है कि वे कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करें जो दैनिक जीवन की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने हेतु नई मशीन, उपयोगी उपकरण , गैजेट तथा तकनीकी नवाचार इत्यादि होने चाहिए ।

 

जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय अधिकतम पांच नामांकन भेज सकता है। नामांकन इंस्पायर मानक के आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जा सकते हैं।

 

नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितम्बर, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी विद्यालय प्रमुखों, विज्ञान शिक्षकों तथा विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए अधिकाधिक नवाचारी विचारों का नामांकन करें तथा जिले में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान एवं नवाचार की संस्कृति को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें।

[post-views]