कारगिल के अमर वीरों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा: उषा बिरला

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य उषा बिरला ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 26 जुलाई का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।

 

यह दिवस उन अमर वीरों के अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में दुर्गम एवं बर्फीली चोटियों पर दुश्मन को परास्त कर भारत माता का मस्तक विश्वभर में ऊंचा किया।

उषा बिरला ने कहा कि भारतीय सेना ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अद्वितीय शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा का परिचय देते हुए यह सिद्ध कर दिया कि देश की एक-एक इंच भूमि की रक्षा के लिए भारत का सैनिक अपने प्राणों का बलिदान देने से कभी पीछे नहीं हटता।

 

कारगिल के वीरों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देशभर में ‘वीर सैनिकों की भूमि’ के रूप में विशेष पहचान प्राप्त है। विशेषकर हमीरपुर जिला लंबे समय से बड़ी संख्या में सैनिकों, अधिकारियों और पूर्व सैनिकों को देश सेवा के लिए समर्पित करता आया है।

 

प्रदेश का लगभग प्रत्येक परिवार किसी न किसी रूप में भारतीय सेना से जुड़ा हुआ है। यह हिमाचलवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि सीमाओं की सुरक्षा में प्रदेश के वीर जवानों का योगदान सदैव अग्रणी रहा है।

उषा बिरला ने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान तत्कालीन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने अग्रिम क्षेत्रों का दौरा कर वीर सैनिकों का उत्साहवर्धन किया तथा घायल जवानों का कुशलक्षेम जाना।

 

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं अधिकारों की आवाज़ को मजबूती से उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश की सेनाओं को आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक हथियारों और बेहतर संसाधनों से सशक्त बनाया जा रहा है।

 

प्रधानमंत्री स्वयं भी अनेक अवसरों पर सीमाओं पर जाकर जवानों के बीच दीपावली मनाकर उनका मनोबल बढ़ाते रहे हैं, जिससे देश की सेनाओं के प्रति सम्मान और विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

उषा बिरला ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का भी सेना और पूर्व सैनिकों से विशेष जुड़ाव रहा है। टेरिटोरियल आर्मी में कैप्टन के रूप में उनकी सेवाएं युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय हैं। उन्होंने सदैव सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया है।

अंत में उषा बिरला ने कारगिल युद्ध के सभी अमर शहीदों को शत-शत नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।

 

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे कारगिल के वीरों के शौर्य, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि जब तक भारतवर्ष रहेगा, तब तक कारगिल के अमर वीरों की गाथा हर भारतीय के हृदय में अमिट रहेगी।

[post-views]