उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना 99 गांव दियोटसिद्ध का विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने किया औचक निरीक्षण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने रविवार को उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना 99 गांव दियोटसिद्ध का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान योजना में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

भारी अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराज़गी: इंद्रदत्त लखनपाल 

निरीक्षण के दौरान विधायक ने योजना के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पाया कि जल भंडारण टैंकों की लंबे समय से सफाई नहीं की गई है तथा परिसर में साफ-सफाई का अभाव है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल योजनाओं का नियमित रखरखाव विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायक ने फिल्टर प्रक्रिया के बाद लोगों को आपूर्ति किए जाने वाले अंतिम जल भंडारण टैंक का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान टैंक के भीतर घास उगी हुई मिली तथा जाले लगे पाए गए।

 

इस पर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस पानी का उपयोग लोग सीधे पीने के लिए करते हैं, उसके अंतिम भंडारण टैंक की यह स्थिति अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा विषय है और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के रहने के कमरों एवं शौचालयों की स्थिति भी अत्यंत खराब पाई गई। विधायक ने कहा कि जो कर्मचारी दिन-रात लोगों तक पेयजल पहुंचाने का कार्य करते हैं, उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों के आवासीय कमरों तथा शौचालयों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें बेहतर स्थिति में लाने के निर्देश दिए।

 

विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जल भंडारण टैंकों की तत्काल सफाई करवाई जाए, पूरे परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित की जाए तथा नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही दोबारा पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र की जनता को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकारी योजनाओं की गुणवत्ता और जनसुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा समय-समय पर विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान सोम दत्त, जिला परिषद सदस्य रामेश्वर दत्त, बीडीसी सदस्य राकेश मैहर, पवन जगोटा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

[post-views]