



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि ग्राम पंचायत नेरी के गांव खग्गल में फोरलेन नेशनल हाईवे पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा, ताकि यहां पर कोई दुर्घटना न हो।


रविवार को गांव खग्गल के दौरे पर पहुंचे सुनील शर्मा बिट्टू ने जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान कहा कि खग्गल में हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गांववासियों की फुट ओवरब्रिज की मांग बहुत ही जायज मांग है। उन्होंने कहा कि फुट ओवरब्रिज के निर्माण की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।




इस अवसर पर गांववासियों ने पेयजल, बिजली आपूर्ति, सड़क और अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं भी सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष रखीं।







उन्होंने पेयजल, बिजली आपूर्ति और सड़क से संबंधित जनसमस्याओं के अतिशीघ्र निपटारे के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चिित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।



इसलिए, वह हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में जाकर आम लोगों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त करके इनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं।



जिला हमीरपुर के विकास की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज को एक उत्कृष्ट चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित कर रहे हैं। यहां मरीजों को एम्स स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि जसकोट में हैलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। नेरी स्थित औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय और मटाहणी स्थित तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर का विस्तार किया जा रहा है, जिसका स्थानीय लोगों को भी सीधा लाभ होगा।


इससे पहले, खग्गल पहुंचने पर सुनील शर्मा बिट्टू का स्थानीय निवासियों प्रधान रीना देवी, बीडीसी सदस्य सुशील कुमार, उप प्रधान राजेश कुमार शुक्ला, कमलजीत सिंह, राकेश कुमार, संजय शर्मा, सुनील कुमार, सूबेदार मेजर प्रीतम शर्मा और अन्य लोगों ने स्वागत किया। इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।


















