



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके), हमीरपुर द्वारा 25 जुलाई 2026 को गौतम कॉलेज, हमीरपुर में आयोजित “नशा मुक्त युवा भारत अभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।


प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीम ने लोक समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त नारा लेखन प्रतियोगिता में महाविद्यालय के प्रतिभागी ने द्वितीय स्थान तथा स्लैम पोएट्री (कविता पाठ) प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।




महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने सभी विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवाओं में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।







उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त युवा भारत अभियान” युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।



महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करने की कामना की।























