विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर टौणी देवी स्वास्थ्य विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, खंड चिकित्सा अधिकारी टौणी देवी के तत्वावधान में सोमवार को आम सेर स्वाहल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा इसके बचाव एवं समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना था।

 

इस अवसर पर कार्यवाहक स्वास्थ्य शिक्षक रुचि शर्मा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) सोनिया ने उपस्थित लोगों को हेपेटाइटिस के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

 

 

उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन के दौरान एक ही सिरिंज का बार-बार अथवा कई व्यक्तियों द्वारा उपयोग करने से हेपेटाइटिस-बी संक्रमण फैलने का खतरा काफी बढ़ जाता है।

 

 

उन्होंने सुरक्षित इंजेक्शन के प्रयोग, स्वच्छता बनाए रखने, केवल जांचे-परखे सुरक्षित रक्त के उपयोग तथा समय पर टीकाकरण के महत्व पर विशेष बल दिया।

 

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक रहें, समय-समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच करवाएं तथा संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार से हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

 

कार्यक्रम में अनीता देवी, पवना शर्मा (महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक), संदीप कुमार सहित क्षेत्र के अनेक स्थानीय लोगों ने भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

[post-views]