



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, टीम वर्क, संचार कौशल एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से 31 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय आवासीय “फ्यूचर यूथ लीडरशिप बूट कैंप” का आयोजन जिला पंचायत संसाधन केंद्र (District Panchayat Resource Centre), हमीरपुर (हि.प्र.) में किया जा रहा है। यह बूट कैंप 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के लिए आयोजित किया जा रहा है!

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, प्रभावी संचार, टीम बिल्डिंग, निर्णय क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र निर्माण, योग एवं फिटनेस, प्रेरक सत्र, समूह गतिविधियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सीखने और स्वयं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।



इस आवासीय बूट कैंप में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, प्रशिक्षक एवं संसाधन व्यक्ति युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार एवं समाज के प्रति संवेदनशील नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।






जिला युवा अधिकारी, दीपमाला ठाकुर मेरा युवा भारत, हमीरपुर ने जिले के चयनित प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर का पूर्ण लाभ उठाने का आग्रह किया।

























