प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में पारित प्रस्तावों के अनुरूप छात्र हितों के मुद्दों पर एबीवीपी करेगी व्यापक आंदोलन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर जिले द्वारा आज प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक भवानी ठाकुर ने कहा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक ऊना में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

 

बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री  गौरव अत्री, प्रदेश अध्यक्ष  राकेश शर्मा, प्रदेश मंत्री कु. नैंसी अटल , प्रदेश संगठन मंत्री  धनदेव ठाकुर  सहित प्रदेश के सभी जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश के शैक्षणिक, सामाजिक एवं छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। पहला प्रस्ताव “प्रदेश का शैक्षिक परिदृश्य” तथा दूसरा प्रस्ताव “प्रदेश का वर्तमान परिदृश्य” विषय पर पारित किया गया।

 

इन प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त कमियों, विद्यार्थियों की समस्याओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उनके समाधान की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इन्हीं प्रस्तावों के अनुरूप अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला हमीरपुर ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU) में स्थायी कुलपति की शीघ्र नियुक्ति, विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त छात्रावास (Hostel) सुविधाओं की उपलब्धता तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) द्वारा की गई अनुचित फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

परिषद ने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा रिवैल्यूएशन शुल्क को ₹300 से बढ़ाकर ₹1000 किए जाने को छात्र विरोधी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला निर्णय बताया है।

 

एबीवीपी का मानना है कि शिक्षा को सुलभ एवं छात्र हितैषी बनाने के बजाय इस प्रकार की शुल्क वृद्धि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला हमीरपुर ने स्पष्ट किया है कि यदि इन छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो परिषद आगामी दिनों में जिला हमीरपुर में व्यापक छात्र आंदोलन प्रारंभ करेगी।

 

इस आंदोलन के माध्यम से विद्यार्थियों की आवाज़ को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तथा विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुँचाया जाएगा।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा हेतु निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

[post-views]