



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- कृषि विभाग नादौन द्वारा ग्राम जसाई में मक्की की फसल का निरीक्षण कर फॉल आर्मी वर्म (Fall Armyworm) की स्थिति का आकलन किया गया। निरीक्षण दल में डॉ. अंकुश शर्मा (विषयवाद विशेषज्ञ, कृषि विभाग नादौन), डॉ. भारत भूषण राणा (कृषि विकास अधिकारी, नादौन) तथा डॉ. पवन ठाकुर (कृषि विकास अधिकारी, कांगू) शामिल रहे।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों के साथ खेतों में जाकर फसल का अवलोकन किया तथा फॉल आर्मी वर्म की पहचान, इसके लक्षण एवं समय पर नियंत्रण उपायों की विस्तृत जानकारी दी।



किसानों को बताया गया कि प्रारंभिक अवस्था में कीट की पहचान एवं नियमित निगरानी से फसल को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।






अधिकारियों ने किसानों को एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) अपनाने की सलाह देते हुए खेतों का नियमित निरीक्षण करने, अंड समूह एवं प्रारंभिक अवस्था की सूंडियों को नष्ट करने, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने तथा आवश्यकता होने पर केवल कृषि विभाग द्वारा अनुशंसित कीटनाशकों का ही वैज्ञानिक विधि से प्रयोग करने का आग्रह किया।


साथ ही किसानों से अपील की गई कि मक्की की फसल में किसी भी प्रकार के कीट प्रकोप की सूचना तुरंत अपने निकटतम कृषि कार्यालय को दें, ताकि समय रहते आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं नियंत्रण उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।



कृषि विभाग ने किसानों को आश्वस्त किया कि खरीफ मौसम के दौरान मक्की की फसल की नियमित निगरानी जारी रखी जाएगी तथा किसानों को समय-समय पर आवश्यक तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराया जाता रहेगा।




















