




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- सीटू का जिला स्तरीय अधिवेशन ज्योति बसु भवन हमीरपुर में संपन्न हुआ। लोकसभा चुनावों को लेकर सीटू की समझ व संगठन द्वारा निर्धारित कार्यों को मजदूरों तक पहुंचाने के लिए इस अधिवेशन का आयोजन किया गया। अधिवेशन का उद्घाटन सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर कश्मीर सिंह ठाकुर द्वारा किया गया।
उन्होंने वर्तमान समय के राजनीतिक हालात पर विस्तार से बात रखी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जब से मोदी सरकार बनी है लगातार मजदूरों पर हमले किए जा रहे हैं और मजदूरों के लंबे संघर्षों और कुर्बानियों के बाद हासिल किए गए श्रम कानून को समाप्त करके चार नए लेबर कोडों में बदल दिया गया है जो की कॉरपोरेट्स को ही फायदा पहुंचाते हैं व मजदूरों की जिंदगी को बंदुआ मजदूरी की तरह ले जाने के लिए ही तैयार किए गए हैं ।
मोदी सरकार की कारगुजारियों के चलते देश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है और मंहगाई आसमान छू रही है। यहां तक कि गरीब लोगों के बच्चों को सेना के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के रास्ते को बंद करने के लिए अग्नीवीर योजना को लाकर देश की सुरक्षा से भी खिलवाड़ किया जा रहा है।
देश के प्राकृतिक व सार्वजनिक संसाधनों को भी अपने चंद कॉरपोरेट्स मित्रों के हवाले किया जा रहा है। लोगों के मुद्दों से भटकाने के लिए धार्मिक मसलों को ढाल बनाया जा रहा है। जहां एक तरफ लगातार जनता पर जीएसटी जैसे टैक्स थोपे गए हैं वहीं पर इन कॉरपोरेट्स दोस्तों का लाखों करोड़ रुपयों के टैक्सों में माफी दी गई है व कर्जों में भी माफी दी गई है।
जिससे जाहिर होता है कि मोदी सरकार आम जनता की जेब से भारी भरकम टैक्स लगाकर पैसा निकाल कर अपने चंद कॉर्पोरेट दोस्तों की तिजोरिया भरने के काम में लगी है। इस अंधी लूट से लोगों का ध्यान भटकने के लिए समय-समय पर धार्मिक मुद्दों पर देश का विभाजन करने की नापाक कोशिश की जा रही हैं।
मोदी सरकार की इस लूट और तानाशाही के खिलाफ सीटू ने पूरे देश भर में आवाहन किया है कि देश को बांटने वाली मजदूर विरोधी, राष्ट्र विरोधी, जनता विरोधी मोदी सरकार को उखाड़ फेंका जाए। इसी कड़ी को आगे बढ़ाने के लिए आज मजदूरों का घोषणा पत्र आज जारी किया गया व लोकसभा चुनावों में भाजपा की मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ने का संकल्प लिया।
आज के अधिवेशन में मजदूरों का घोषणा पत्र जिला हमीरपुर में जारी किया गया। इस मौके पर सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर कश्मीर सिंह ठाकुर, जिला सचिव जोगेंद्र कुमार, रंजन शर्मा, जितेंद्र कुमार, कुलदीप खरवाड़ा, ब्रह्म दास, मदन , नवीन कुमार, नरेश, बॉबी, सुनीता, वनिता, कौशल्या, बीना, रसीला राम, नेकराम, रविंद्र कुमार, कश्मीर सिंह सहित 100 के करीब मजदूर प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।



















