



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डा. अजय अत्री हमीरपुर ने बताया कि जिले में 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराना तथा जन्म से पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के संपूर्ण विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
छह माह के बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए संपूर्ण एवं सुरक्षित आहार है।
इससे डायरिया, निमोनिया तथा अन्य संक्रमणों का खतरा कम होता है और शिशु का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है। साथ ही, स्तनपान माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है।
उन्होंने जिले की सभी गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा उनके परिवारों से अपील की कि वे स्तनपान को प्राथमिकता दें तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा दिए जा रहे परामर्श का पालन करें।
उन्होंने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें समुदाय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्तनपान को बढ़ावा देना स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा सभी नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।



































