



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- रोटरी क्लब हमीरपुर का वर्ष 2026-27 के लिए पद स्थापना समारोह व जिला गवर्नर अधिकारिक यात्रा समारोह शनिवार सायं स्थानीय होटल हमीर में अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

नवीन नेतृत्व ने सामाजिक सेवाओं को नई दिशा देने का संकल्प




समारोह की अध्यक्षता रो. एन.के. शर्मा ने की, जबकि जिला गवर्नर रोटेरियन अनिल सिंघल अपनी आधिकारिक जिला यात्रा के तहत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।







समारोह में क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विधिवत रूप से पद ग्रहण किए और रोटरी के सामाजिक उद्देश्यों को और मजबूती देने का संकल्प दोहराया गया।



रो. प्रदीप कुमार ने विधि-विधान के साथ रोटरी क्लब हमीरपुर के अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया व रोटेरियन अमरजीत अत्री को सचिव नियुक्त किया गया।




इंस्टॉलेशन ऑफ़िसर के रूप में जिला गवर्नर रो. अनिल सिंघल के साथ असिस्टेंट गवर्नर रो. आदर्श टसूद, तथा जिला सचिव श्री नरेश आनंद ने भी समारोह में विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।



जिला गवर्नर अनिल सिंघल ने पदस्थापन कार्यक्रम का समापन व निर्देशात्मक संचालन किया।

जिला गवर्नर रोटेरियन अनिल सिंघल ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक निरंतर अभियान है।

उन्होंने रोटरी के मूल आदर्शों — सेवा, नैतिकता और समुदाय कल्याण — पर जोर दिया और क्लब के सदस्यों को आगामी वर्ष में सक्रियता, पारदर्शिता व निस्वार्थ भावना से सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

जिला गवर्नर की आधिकारिक यात्रा के दौरान क्लब की समीक्षा सभा भी आयोजित की गई, जिसमें क्लब की मौजूदा गतिविधियों, खर्चों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई और सदस्यों को उत्साहित कर मार्गदर्शन दिया गया।


पूर्व प्रधान भगवती शर्मा ने क्लब के पिछले वर्ष की संपूर्ण गतिविधियों और उपलब्धियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने सदस्यों के समर्पण और विभिन्न परियोजनाओं की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।

नवनियुक्त अध्यक्ष रो. प्रदीप कुमार तथा सचिव रोटेरियन अमरजीत अत्री ने आगामी वर्ष के लिए कार्यक्रमों और परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं समुदाय-आधारित सहायता को प्राथमिकता बताया।

जिला गवर्नर ने क्लब के स्थायी प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण भी किया, जिनमें रोटरी वाटिका, ऑक्सीजन बैंक तथा रोटरी चौक प्रमुख हैं। रोटरी वाटिका में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई।

ऑक्सीजन बैंक और अन्य स्वास्थ्य-संबंधी पहलें स्थानीय समुदाय के लिए महत्वपूर्ण संसाध्य साबित हो रही हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण पांच नए सदस्यों
रोशन महेंद्र शर्मा, विजय सोनी, विशाल डटवलिया, राजेश ठाकुर तथा मनोज सकलानी का रोटरी परिवार में शामिल होना रहा।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब हमीरपुर के सदस्यों के साथ-साथ माननीय डॉक्टर प्रेम ठाकुर, डॉक्टर आर.के. मल्होत्रा, प्रोफ़ेसर जी.पी. अग्निहोत्री, राजीव शर्मा, रवि शर्मा तथा इनर व्हील क्लब हमीरपुर की अध्यक्ष सहित सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब पालमपुर के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कुल मिलाकर लगभग 120 गणमान्य व्यक्तियों एवं अतिथियों ने समारोह में भाग लेकर कार्यक्रम को गौरवान्वित किया।
रोटरी क्लब हमीरपुर ने नवनियुक्त नेतृत्व के साथ अगले वर्ष के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामुदायिक सहायता से जुड़ी पहलों को तेज करने का संकल्प लिया है।
क्लब आगामी महीनों में समुदाय-आधारित कैंप, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर तथा आपातकालीन संसाधन (ऑक्सीजन बैंक) संवर्द्धन पर विशेष ध्यान देगा।

















