



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए अभियान का शुभारंभ किया तथा नशा-मुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।




अभियान के शुभारंभ अवसर पर देशभर के लगभग 10,000 स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इनमें MY Bharat एवं NSS स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।







प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प’ की शपथ ग्रहण की तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।



हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी, निदेशक, एनआईटी हमीरपुर, डॉ. अर्चना संतोष नानोटी, रजिस्ट्रार, डॉ. प्रदीप सिंह, एसोसिएट डीन (स्टूडेंट वेलफेयर), डॉ. संदीप कुमार, फैकल्टी इंचार्ज, नशा मुक्त भारत अभियान तथा जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।




सभी अतिथियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जन-जागरूकता फैलाकर नशा उन्मूलन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।



कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर के जिलों में सांस्कृतिक, खेल, फिटनेस, माइंडफुलनेस, जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ ही लोकगीत, मूक अभिनय, शॉर्ट फिल्म एवं रील निर्माण, पेंटिंग, वाद-विवाद तथा स्लोगन लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनके जिला स्तरीय विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
अभियान के अंतर्गत पदयात्राएं, खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, विशेषज्ञों द्वारा परामर्श सत्र, ग्राम स्तर पर ‘नशा मुक्त संकल्प सभाएं’, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान तथा अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही, MY Bharat पोर्टल पर उपलब्ध ई-प्लेज (e-Pledge) के माध्यम से युवा एवं नागरिक नशा-मुक्त भारत के निर्माण के लिए अपना संकल्प भी दर्ज कर सकेंगे।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने जिले के सभी युवाओं, स्वयंसेवकों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा क्लबों एवं नागरिकों से इस जन-आंदोलन का सक्रिय हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि “नशा-मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।”
उन्होंने सभी से MY Bharat के माध्यम से इस अभियान से जुड़कर नशा-मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की।

















