



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय आवासीय “फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप” का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


बूटकैंप का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, सामुदायिक सहभागिता, करियर जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था। (MyBharat)



युवाओं को मिला नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण







बूटकैंप के दूसरे दिन की शुरुआत हार्टफुलनेस प्रशिक्षक हेमराज एवं नीलम द्वारा योग एवं ध्यान सत्र से हुई। उन्होंने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा ध्यान के महत्व के बारे में जानकारी दी।


इसके उपरांत डॉ. एन. डी. खन्ना, सहायक प्रोफेसर, ने भारत सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं को सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रतिभागियों के लिए विभिन्न समूह गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।



इसके पश्चात चंपा ठाकुर, सहायक प्रोफेसर, ने व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता पर प्रेरक सत्र आयोजित किया तथा विभिन्न समूह गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में टीम भावना एवं नेतृत्व कौशल का विकास किया।


सनी, यूथ ऑर्गेनाइज़र, ने प्रतिभागियों को करियर मार्गदर्शन, रोजगार के अवसरों तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
वहीं जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने सामुदायिक विकास एवं मोबिलाइजेशन विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं को समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
बूटकैंप के तीसरे एवं अंतिम दिन की शुरुआत भी हार्टफुलनेस प्रशिक्षक हेमराज एवं नीलम द्वारा योग एवं ध्यान सत्र से हुई। इसके उपरांत जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने प्रतिभागियों को युवा मंडल विकास अभियान की जानकारी देते हुए MY Bharat के माध्यम से युवाओं को उपलब्ध विभिन्न अवसरों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में शशि पाल, उपप्रधान, तथा MY Bharat के राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेता युवा मंडल के प्रधान ने प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल, युवा क्लबों की भूमिका तथा युवाओं की सामाजिक भागीदारी के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को MY Bharat से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन MY Bharat स्वयंसेवक राज कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में MY Bharat हमीरपुर के अकाउंटेंट प्रताप द्वारा सभी प्रतिभागियों से फीडबैक फॉर्म भरवाए गए।
रात्रि में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं समूह गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
तीन दिवसीय बूटकैंप के सफल आयोजन ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।

















