टायर लेने निकला बेटा, 2 दिन बाद नहर में मिला शव

नालागढ़/सोलन:-  नालागढ़ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। कुंडलू पंचायत के पूर्व प्रधान भगवती दास के 40 वर्षीय बेटे रजनीश गौतम का शव पंजाब की एक नहर से बरामद हुआ है।

 

इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक रजनीश गौतम दो दिन पहले अपनी कार से अंबाला के लिए निकला था।

 

घर से निकलते समय उसने बताया था कि वह ट्रक के टायर लेने जा रहा है। लेकिन कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और परिवार का उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

 

काफी इंतजार के बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान 30 जुलाई को पंजाब के घनौली गांव के पास नहर किनारे उसकी कार लावारिस हालत में मिली।

 

 

कार मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

 

काफी देर तक तलाश करने के बाद शुक्रवार रात करीब 11 बजे गोताखोरों की मदद से पंजाब के मरिंडा क्षेत्र के पास नहर से रजनीश का शव बरामद किया गया।

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।

[post-views]