चकमोह क्षेत्र की चार पंचायतों से गए कांवड़ यात्रियों का हुआ भव्य स्वागत

चकमोह/बड़सर:-  चकमोह क्षेत्र की चार पंचायतों से पहली बार हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ यात्रियों का चकमोह में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर युवक मंडलों, महिला मंडलों तथा क्षेत्र के अनेक ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाओं और जयघोष के साथ अभिनंदन किया।

स्वागत के उपरांत सभी श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर की चरण पादुका पहुंचे, जहां विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

कांवड़ में लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की गई।

भारी वर्षा के बावजूद महिला मंडलों, युवक मंडलों, बच्चों एवं अन्य श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा कर बाबा बालक नाथ मंदिर पहुंचकर अपनी अटूट आस्था और भक्ति का परिचय दिया।

 

पूजा-अर्चना के पश्चात सभी श्रद्धालु पुनः पैदल शिव मंदिर, चकमोह बाजार पहुंचे, जहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया और सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने कांवड़ यात्रियों की श्रद्धा, अनुशासन एवं सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।

 

सभी ने भगवान भोलेनाथ एवं बाबा बालक नाथ से क्षेत्रवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखने तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने की कामना की।

इस धार्मिक आयोजन में ग्राम पंचायत चकमोह के प्रधान सोम दत्त, सतीश कुमार, विकास कुमार, तिलक राज, राजेश (बबलू), नीरज कालिया, दीपक महाजन, रजनीश महाजन, विजय महाजन, राजकुमार महाजन, कमल सोनी तथा रामानंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महिला मंडलों की ओर से वार्ड नंबर 1 की प्रधान रंजू कुमारी, हेमा धीमान एवं उनकी टीम, वार्ड नंबर 4 तथा वार्ड नंबर 5 के महिला मंडलों ने भजन-कीर्तन और अन्य व्यवस्थाओं में विशेष योगदान दिया।

अंत में ग्राम पंचायत प्रधान सोम दत्त ने इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और सेवा भाव से यह आयोजन ऐतिहासिक एवं सफल बन पाया।

[post-views]