



भोरंज/हमीरपुर:- ग्राम पंचायत चंबोह की ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहमति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इन प्रस्तावों का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में सामाजिक अनुशासन बनाए रखना, नशे पर रोक लगाना तथा ग्रामीणों की सुरक्षा और जनभागीदारी को मजबूत करना है।

ग्राम सभा के प्रमुख निर्णय



1. नशे के खिलाफ सख्त कदम
ग्राम सभा ने निर्णय लिया कि यदि पंचायत क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नशा करते या करवाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जाएगा। यदि कोई ग्रामीण ऐसी गतिविधि की जानकारी पंचायत को देता है, तो पंचायत अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करेगी।






2. शादी और जन्म पर स्वैच्छिक सहयोग राशि
ग्राम सभा ने सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह भी तय किया कि पंचायत क्षेत्र में किसी परिवार में बच्चे के जन्म पर ₹2100 तथा लड़के की शादी पर ₹3100 तक की स्वैच्छिक सहयोग राशि देने का प्रस्ताव पारित किया गया। इच्छुक व्यक्ति इससे अधिक राशि भी अपनी इच्छा से दे सकते हैं।


3. बाहरी फेरी वालों पर निगरानी
ग्राम सभा ने निर्णय लिया कि पंचायत क्षेत्र में आने वाले बाहरी फेरी वालों की पहले पहचान सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें पंचायत क्षेत्र में घूमने की अनुमति दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अपनी पहचान नहीं बताता, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी को दी जाएगी। इसके लिए पंचायत प्रधान और उपप्रधान के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।



ग्राम सभा का संदेश
ग्राम पंचायत चंबोह का कहना है कि इन निर्णयों का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, नशे पर प्रभावी नियंत्रण करना, ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है। सभी प्रस्ताव ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित किए गए।




















