



नादौन/हमीरपुर:- जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने वीरवार को यहां कल्लर में स्थित डीडीएम साई लॉ कालेज के विद्यार्थियों के लिए विधिक जागरुकता शिविर आयोजित किया। इस शिविर के दौरान प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने एलएलबी के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण योजना है।




उन्होंने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, आपदा पीड़ित, अत्याचार पीड़ित, श्रमिक, किन्नर, कैदी और सालाना 3 लाख रुपये से कम आय वाले सभी वर्गों के लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं।






इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट आफिस में जाकर पात्र लोग मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं।


मानव तस्करी के शिकार लोगों, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, नशे के जाल में फंसे लोगों, किसी भी तरह के अत्याचार और तेजाब हमलों की शिकार महिलाओं की मदद के लिए भी नालसा ने योजनाएं आरंभ की हैं।



कुलदीप शर्मा ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।


कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 या ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के पैनल वकील और पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने एलएलबी के विद्यार्थियों से आम लोगों के लिए न्याय सुलभ बनाने में अपना योगदान देने की अपील भी की।


















