छात्र हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा बड़ा आंदोलन: दीक्षित ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हमीरपुर इकाई द्वारा आज महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की छात्र विरोधी नीतियों के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।

 

धरने का नेतृत्व इकाई अध्यक्ष दीक्षित ठाकुर ने किया। इस दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि छात्र हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इकाई अध्यक्ष दीक्षित ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा की गई मनमानी फीस वृद्धि विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रही है। परिषद मांग करती है कि इस अनुचित फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने एवं विद्यार्थियों को अपनी आवाज़ उठाने का अधिकार देने के लिए छात्र संघ चुनाव शीघ्र बहाल किए जाएं।

उन्होंने हमीरपुर महाविद्यालय में ई-कॉमर्स कोर्स को बंद करने के निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। परिषद की मांग है कि इस कोर्स को पूर्ववत संचालित रखा जाए।

 

 

साथ ही उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में 22 प्राध्यापकों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इन सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाना चाहिए ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके।

दीक्षित ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन एवं प्रदेश सरकार ने जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आंदोलन को और तेज करेगी।

 

आगामी समय में भूख हड़ताल, विशाल छात्र प्रदर्शन, विश्वविद्यालय का घेराव तथा चरणबद्ध उग्र आंदोलन किए जाएंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन एवं सरकार की होगी।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी हर मंच पर विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज़ उठाती रहेगी।

[post-views]