



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर में ए.आर.ओ. एच.पी. ज़ोन-I डॉ. रश्मि जम्वाल के दिशा-निर्देशन के मार्गदर्शन में आयोजित तीन दिवसीय In house क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का 8 अगस्त को सफलतापूर्वक समापन हुआ।


एच.पी. ज़ोन-I के विभिन्न डीएवी विद्यालयों से आए 200 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।




कार्यक्रम के अंतिम दिन विभिन्न सत्रों में शिक्षकों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों, नवीन शिक्षण विधियों एवं गतिविधियों पर अपने विचार साझा किए।







फीडबैक सत्र में प्रतिभागी शिक्षकों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं शिक्षण कौशल को निखारने वाला बताया।



उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई ऊर्जा, नई सोच एवं बेहतर शिक्षण दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।




समापन अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों को संबोधित करते हुए निरंतर सीखने, नवाचार अपनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।



ए.आर.ओ. एच.पी. ज़ोन-I डॉ. रश्मि जम्वाल ने अपने संबोधन में शिक्षकों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने ज्ञान एवं अनुभवों को विद्यार्थियों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके व्यक्तित्व एवं पेशेवर विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें ए.आर.ओ. डॉ. रश्मि जम्वाल, प्रबंधक के.एस. गुलेरिया, प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह ठाकुर, सभी प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागी शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को सकारात्मक ऊर्जा एवं सौहार्द से भर दिया। तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के लिए सीखने, साझा करने और आगे बढ़ने का एक प्रेरणादायक मंच सिद्ध हुआ।

..

















