करंट वाली तारों की चपेट में आने से छुट्टी पर घर आए सैनिक की मौत

पालमपुर/कांगड़ा:- पालमपुर के ननाहर क्षेत्र में खेतों को जंगली सूअरों से बचाने के लिए लगाई गई करंट वाली तारों की चपेट में आने से छुट्टी पर घर आए 29 वर्षीय सैनिक अश्वनी कुमार की मौत हो गई। अश्वनी कुमार डोगरा रेजिमेंट में सेवारत थे और 20 जुलाई को छुट्टी पर घर आए थे।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह अश्वनी कुमार एक मकान के पास बिजली की तारों के बीच मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेतों में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए तारों में बिजली का करंट छोड़ा गया था।

आशंका है कि अश्वनी कुमार इन तारों के ऊपर गिर गए, जिससे करंट लगने के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के मुताबिक, शरीर पर करंट लगने और जलने के निशान मिले हैं।

अश्वनी कुमार अपने पीछे पत्नी के साथ दो बच्चों, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

[post-views]