



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री कमलेश कुमारी ने स्थानीय विधायक सुरेश कुमार और प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर करारा हमला बोला है।

झूठ बोलने की सभी हदें की पार




आधिकारिक सरकारी दस्तावेजों और तथ्यों को सार्वजनिक करते हुए कमलेश कुमारी ने कहा कि भोरंज की प्रबुद्ध जनता को केवल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जन-सुविधाओं से सरोकार है।






भोरंज की जनता को विकास से मतलब, झूठी राजनीति कर नेताओं की छवि धूमिल कर रहे सुरेश कुमार: कमलेश कुमारी



लेकिन विधायक सुरेश कुमार लगातार असत्य बयानबाज़ी कर न केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं, बल्कि राजनीति और जनप्रतिनिधियों की साख को बट्टा लगाने का काम कर रहे हैं।



जयराम सरकार ने दिए थे 24 करोड़, 28 विभागों में पदों के सृजन से लेकर इमारत तक भाजपा की देन; कांग्रेस सरकार में सुविधाएं शून्य



कमलेश कुमारी ने कड़े शब्दों में कहा कि विधायक सुरेश कुमार ने राजनीति में झूठ बोलने की तमाम सीमाएं लांघ दी हैं।
“भोरंज अस्पताल पर ओछी राजनीति छोड़ें; दम है तो भरेड़ी, जाहू या अवाहदेवी में बनवाएं 100 बेड का नया अस्पताल”
पूर्व विधायक ने तथ्यों के साथ याद दिलाया कि वर्ष 2022 तक भाजपा शासनकाल में ही भोरंज में आपातकालीन (इमरजेंसी) वार्ड और एक भव्य अस्पताल भवन पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका था, जबकि दूसरे भवन का निर्माण कार्य भी तेज़ी से शुरू करा दिया गया था।
विधायक को सीधी चुनौती देते हुए कमलेश कुमारी ने कहा:

”सुरेश कुमार भोरंज अस्पताल के नाम पर सस्ती राजनीति करना तुरंत बंद करें। यदि उनमें वास्तव में इच्छाशक्ति है और वे क्षेत्र का भला चाहते हैं, तो भरेड़ी, जाहू या अवाहदेवी में से किसी जगह 100 बेड के दूसरे अस्पताल की स्वीकृति करवाकर दिखाएं। झूठे दावों से राजनीति को शर्मसार न करें।”
कोरोना काल में केंद्र से मिली मदद: हर बेड तक MGPS ऑक्सीजन पाइपलाइन
कमलेश कुमारी ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना के संकटपूर्ण समय में केंद्र सरकार के विशेष सहयोग से भोरंज अस्पताल में 50 बेड का अत्याधुनिक इमरजेंसी वार्ड स्थापित किया गया था। इसमें सेंट्रल मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम (MGPS) और ऑक्सीजन मैनिफोल्ड रूम के जरिए प्रत्येक बेड तक सीधी ऑक्सीजन सप्लाई पहुँचाकर आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा खड़ा किया गया था।
सरकारी दस्तावेजों का खुलासा: भाजपा कार्यकाल में स्वीकृत हुए थे सैकड़ों पद और 20 विशेषज्ञ सेवाएं
प्रेस को जारी बयान में सरकारी दस्तावेजों का हवाला देते हुए पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि:
• 20 फरवरी 2018: भाजपा सरकार ने बाकायदा अधिसूचना (Notification) जारी कर 28 विभागों में सैकड़ों नए पदों का सृजन किया।
• 100 बेड अस्पताल का खाका: बीएमओ भोरंज और सीएमओ हमीरपुर के माध्यम से 20 मुख्य क्लिनिकल सेवाओं एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद स्वीकृत कराए गए। इनमें मेडिसिन, सर्जरी, गायनी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, एनेस्थीसिया, ईएनटी, आई, डर्मेटोलॉजी, रेडियो-डायग्नोसिस और ब्लड बैंक जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल थीं।
• 22 दिसंबर 2018: पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 100 बेड के अस्पताल की ऐतिहासिक घोषणा की और ₹24 करोड़ का भारी-भरकम बजट आवंटित किया।
• इसी कार्यकाल (2017-2022) के दौरान अस्पताल में अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की गई थी।
“इमारत खड़ी है, लेकिन कांग्रेस राज में स्वास्थ्य सुविधाएं शून्य”
प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक बनी-बनाई इमारत में बुनियादी साजो-सामान और स्टाफ उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।
आज अस्पताल में फर्नीचर और मरीजों के लिए व्हीलचेयर तक मयस्सर नहीं है। जिन पदों को भाजपा सरकार ने सृजित किया था, उन पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
पूर्व विधायक ने स्थानीय विधायक को कड़ा चेतावनी संदेश देते हुए कहा कि वे झूठा श्रेय लेने की होड़ छोड़ें और धरातल पर काम करें। उन्होंने मांग की कि:
1. अस्पताल में तुरंत 17 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए।
2. आवश्यक फर्नीचर, व्हीलचेयर और अन्य जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधाएं जल्द बहाल की जाएं।
कमलेश कुमारी ने स्पष्ट किया कि यदि जनहित की इन मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी चुप नहीं बैठेगी और भोरंज की जनता के अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

















