



शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ :- सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट एवं विकासार्थ विद्यार्थी (SFD) शिमला द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नालदेहरा के समीप पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान देवदार, बान, खनोर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

देवदार, बान, खनोर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश



कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वरिष्ठ कार्यकर्ता मनीष शर्मा जी मुख्य अतिथि तथा प्रदीप ठाकुर, जिला संगठन मंत्री, अभाविप शिमला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।






इस अवसर पर श्री मनीष शर्मा जी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण का आधार बनेंगे। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।


प्रदीप ठाकुर ने कहा कि सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट एवं विकासार्थ विद्यार्थी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी दीर्घकालिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।



कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति एवं हरित वातावरण के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।




















