एनएससीबीएम महाविद्यालय हमीरपुर में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह, मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय (एनएससीबीएम), हमीरपुर में शुक्रवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले महाविद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने महाविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों एवं प्रगति पर आधारित वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

 

 

उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, एनसीसी, एनएसएस, रेड रिबन क्लब तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम एवं विकासात्मक गतिविधियों में महाविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।

 

प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके महाविद्यालय में आगमन से विद्यार्थियों एवं पूरे महाविद्यालय परिवार का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने महाविद्यालय को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।

 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प आवश्यक हैं।

 

उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां उनके परिवार, शिक्षकों और महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर को प्रदेश की ‘एजुकेशन कैपिटल’ के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी अकादमिक सत्र से हमीरपुर में प्रदेश के पहले विशेष विश्वस्तरीय साइंस कॉलेज की शुरुआत की जा रही है।

 

इसके लिए 80 कनाल भूमि उपलब्ध करवाई गई है और प्रथम चरण में 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके लिए 20 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की जा चुकी है। कॉलेज में विज्ञान विषयों की शिक्षा प्रदान की जाएगी और प्रवेश परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हमीरपुर में अलाइड कॉलेज भी शुरू किया जाएगा। इसमें डायलिसिस टेक्निशियन, एनेस्थीसिया, रेडियोग्राफर सहित विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा संबंधी रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

 

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ‘बिट्टू’ ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के विस्तार तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में बाल चिकित्सा और रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास का भी उल्लेख किया।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में सीबीटी लैब का उद्घाटन, लाइब्रेरी में टैब्स का अनावरण तथा छात्राओं के छात्रावास का शिलान्यास किया। उन्होंने सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में नए छात्रावास का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया।

 

समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी, एनएसएस, रेड रिबन क्लब तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

 

इस अवसर पर विधायक  सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार  सुनील शर्मा ‘बिट्टू’, कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया, एएमसी चेयरमैन अजीत शर्मा, कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नरदेव सिंह, नशा निवारण बोर्ड के चेयरमैन नरेश ठाकुर, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र वर्मा, उपायुक्त हमीरपुर  गंधर्वा राठौड़, पुलिस अधीक्षक बलवीर ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त  अभिषेक ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  राजेश कुमार, एसडीएम  संजीत सिंह, तहसीलदार अनिल पटियाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

 

[post-views]