अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर द्वारा विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतियोगी भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर 2025 को स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

 

प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान एवं विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं के विद्यार्थी आदित्य कुमार जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बी.बी.एन. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चकमोह की कक्षा 12वीं की छात्रा नैनिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं एम.एस.सी. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की कक्षा जमा एक की छात्रा रिदिमा ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इसके अलावा शीतल मॉडल उच्च विद्यालय, धनैटा की कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी शर्मा ने चौथा स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गरली की कक्षा 12वीं की छात्रा दिव्या शर्मा ने पांचवां स्थान तथा किड बड्स पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 10वीं के विद्यार्थी निलांशु शर्मा ने छठा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय 21 हजार रुपये, तृतीय 15 हजार रुपये तथा प्रोत्साहन पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।

जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय 7 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये रखा गया है। इसके अतिरिक्त शीर्ष तीन विद्यार्थियों को 1100-1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अजमेर जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान और देश-दुनिया से जुड़े विषयों की जानकारी भी प्राप्त करनी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि राजेश जी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और आत्मविश्वास दोनों आवश्यक हैं।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उन्हें भविष्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी लाभ मिलता है।

मुख्य वक्ता अभिलाष शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ ऐसी रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालयों का आभार व्यक्त किया।

 

परिषद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन जारी रखा जाएगा।

[post-views]