



पांगी/चंबा:- जिला चंबा की दुर्गम पांगी घाटी से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां बिजली लाइन पर काम कर रहे 23 वर्षीय युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


जानकारी के अनुसार, यह हादसा पांगी घाटी के आखिरी गांव शोर के पास हुआ। यहां जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के थिरोट से पांगी क्षेत्र के लिए आ रही 33 KV बिजली लाइन पर तारें लगाने का काम चल रहा था। इसी कार्य में 23 वर्षीय तारिक हुसैन भी जुटा हुआ था।



बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया। वह अपना संतुलन नहीं संभाल पाया और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा। करीब 100 मीटर नीचे गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।






मृतक की पहचान तारिक हुसैन पुत्र नवाब दीन, निवासी चसाना, तहसील मामनकोट, जिला रियासी, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक तारिक पिछले करीब तीन महीने से बिजली बोर्ड के ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था और शोर गांव के पास 33 KV लाइन पर तारें लगाने के कार्य में लगा हुआ था।


हादसे की सूचना मिलते ही पांगी पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गहरी खाई में उतरकर युवक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया।



पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, वहां मातम छा गया। एक 23 वर्षीय युवक की इस तरह अचानक मौत ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है।


चंबा के एसपी विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।


















