



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा युवा संसद का प्रभावशाली आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने संसद की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था का जीवंत प्रदर्शन करते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिकाएँ निभाईं।


युवा संसद में महँगाई, साइबर अपराध, सड़क एवं रेल दुर्घटनाएँ, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण प्रदूषण, नशाखोरी, प्राकृतिक आपदाएँ, आतंकवाद, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और बेरोजगारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों ने विचार-विमर्श किया।




प्रश्नोत्तर, तर्कपूर्ण वक्तव्य और प्रभावशाली प्रतिवादों ने सदन की कार्यवाही को रोचक और जीवंत बना दिया। स्पीकर ने पूरी कार्यवाही को अनुशासन एवं गरिमा के साथ संचालित किया।







विद्यार्थियों ने मीडिया प्रतिनिधियों और विदेशी प्रतिनिधियों की भूमिकाएँ निभाकर कार्यक्रम को और अधिक वास्तविक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में विद्यालय की मुख्याध्यापिका कंचन लखनपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।



अंजना शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन गतिविधि इंचार्ज पूजा शर्मा एवं निशा राणा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ।




युवा संसद विद्यार्थियों के लिए एक समृद्ध अनुभव सिद्ध हुई। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद-कौशल, तार्किक चिंतन तथा लोकतांत्रिक जागरूकता का विकास हुआ।



कार्यक्रम ने राउंड स्क्वायर आइडल्स ( IDEALS) के अंतर्गत विशेष रूप से लोकतंत्र के स्तंभ को प्रभावी ढंग से प्रतिबिंबित किया और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, सम्मानपूर्ण संवाद तथा जिम्मेदार नागरिकता का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।


















