



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भाजपा ढटवाल मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण बड़सर विधानसभा क्षेत्र विकास के हर मोर्चे पर पिछड़ता जा रहा है।


उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आपदा राहत जैसी मूलभूत व्यवस्थाएँ पूरी तरह चरमरा चुकी हैं, जिससे आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है।




उन्होंने कहा कि विधायक इंद्रदत्त लखनपाल जी उठाए गए सभी मुद्दे पूरी तरह जनहित से जुड़े हैं। सरकार ने आपदा राहत वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती, जिसके कारण अनेक प्रभावित परिवार आज भी राहत से वंचित हैं।







वहीं ब्लॉक समिति चुनावों में लगातार देरी कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा महामंत्री सोम दत्त ने कहा कि प्रदेश सरकार करुणामूलक आधार पर रोजगार देने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को बार-बार दस्तावेज़ जमा करवाकर केवल झूठी सांत्वना दे रही है। वर्षों से इंतजार कर रहे पात्र अभ्यर्थियों को आज भी नियुक्ति नहीं मिल रही, जिससे उनमें भारी निराशा है।


उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई सरकारी भवन लंबे समय से बनकर तैयार हैं, लेकिन सरकार उनका उद्घाटन तक नहीं कर रही। करोड़ों रुपये की लागत से बने ये भवन जनता की सेवा के बजाय बंद पड़े हैं, जो सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।



महामंत्री रवि कानूनगो ने ये भी आरोप लगाया कि सहारा योजना, वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ नहीं मिल रहा है। गरीब, बुजुर्ग, विधवाएँ और जरूरतमंद लोग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।


प्रधान चकमोह व ढटवाल भाजपा महामंत्री सोम दत्त कहा कि पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कई गांवों में लोगों को नियमित पानी नहीं मिल रहा, लेकिन सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
वहीं स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी है तथा बदहाल सड़कें लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही हैं।
यशवीर पटियाल ने कहा कि ढटवाल क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। क्षेत्र की अनेक विकास योजनाएँ लंबित हैं और सरकार की उपेक्षा के कारण जनता में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि विधायक निधि रोकना, विकास कार्यों को बाधित करना और केवल घोषणाएँ करना कांग्रेस सरकार की पहचान बन चुकी है।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि आपदा प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत दी जाए, करुणामूलक रोजगार के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए, तैयार भवनों का तुरंत उद्घाटन कर उन्हें जनता के लिए समर्पित किया जाए, लंबित पेंशन मामलों का समाधान किया जाए, पेयजल व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी और बड़सर तथा ढटवाल क्षेत्र के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ निरंतर आवाज़ उठाती रहेगी।

















