डी.ए.वी. में श्रावणी उपाकर्म के साथ वेद प्रचार सप्ताह का भव्य शुभारंभ

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा के सानिध्य में आर्य युवा समाज एवं डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, आलमपुर द्वारा श्रावणी उपाकर्म के पावन अवसर पर वेद प्रचार सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी को वेदों, वैदिक संस्कृति तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों और आदर्शों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में दैनिक सवेरा प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री गौरव जैन ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ विधिवत विशाल यज्ञ के साथ हुआ।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य  सुरजीत कुमार राणा, अध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कीं। वैदिक मंत्रों के सामूहिक उच्चारण एवं पवित्र अग्नि में दी गई आहुतियों से संपूर्ण विद्यालय परिसर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।

 

यज्ञ के पश्चात अध्यापकों एवं विद्यार्थियों द्वारा वैदिक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। मधुर भजनों, मंत्रोच्चारण और वैदिक वातावरण ने कार्यक्रम को अत्यंत भक्तिमय एवं भावपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य  सुरजीत कुमार राणा ने मुख्यातिथि  गौरव जैन का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

 

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध वैदिक परंपरा, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को महर्षि दयानंद सरस्वती के सत्य, सदाचार, अनुशासन एवं राष्ट्रहित के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

 

प्रधानाचार्य ने कहा कि वेदों का ज्ञान केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सत्य, ज्ञान, अनुशासन, सदाचार और मानव कल्याण की प्रेरणा देने वाली जीवन-पद्धति है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वैदिक संस्कृति के श्रेष्ठ मूल्यों को अपने व्यवहार एवं जीवनशैली का हिस्सा बनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक योगदान दें।

[post-views]