



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- श्रावणी उपाकर्म के दूसरे दिन आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा के सानिध्य में आर्य युवा समाज एवं डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, आलमपुर द्वारा वेद प्रचार सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी को वेदों, वैदिक संस्कृति तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों एवं आदर्शों से जोड़ना रहा।




कार्यक्रम में ग्राम पंचायत आलमपुर के प्रधान एवं प्रमुख यजमान विजय पूरी सहित पंचायत के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।







समारोह का शुभारंभ विशाल यज्ञ से हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा, अध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियाँ अर्पित कीं। वैदिक मंत्रोच्चारण से विद्यालय परिसर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।



यज्ञ के पश्चात अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने वैदिक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने विजय पूरी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।




अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि युवा पीढ़ी को वैदिक परंपरा, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।



उन्होंने विद्यार्थियों को महर्षि दयानंद सरस्वती के सत्य, सदाचार, अनुशासन एवं राष्ट्रहित के संदेशों को जीवन में अपनाने तथा वैदिक संस्कृति के श्रेष्ठ मूल्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।


















