



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा युवा संसद का भव्य एवं प्रभावशाली आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय कार्यप्रणाली, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा जिम्मेदार नागरिकता से परिचित कराना था।




कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाकर प्रस्तुत किया जीवंत संसदीय सत्र







युवा संसद में विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निभाई। सदन में बढ़ती महँगाई, साइबर अपराध, सड़क यातायात एवं दुर्घटनाएँ, रेल दुर्घटनाएँ, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यावरण एवं प्रदूषण, नशीले पदार्थों का सेवन, प्राकृतिक आपदा एवं बाढ़, आतंकवाद, नारी सशक्तिकरण तथा शिक्षा एवं बेरोज़गारी जैसे ज्वलंत विषयों पर सार्थक एवं जोरदार बहस हुई।


विद्यार्थियों के तर्कपूर्ण प्रश्नों, प्रभावशाली वक्तव्यों और तत्पर प्रत्युत्तरों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को अत्यंत कुशलता एवं गरिमापूर्ण ढंग से संचालित किया, जिससे विद्यार्थियों में संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की झलक देखने को मिली।



कार्यक्रम में मीडिया की भूमिका भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने मीडिया प्रतिनिधियों के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सदन की कार्यवाही को कवर किया और विभिन्न मुद्दों पर प्रश्न उठाए।


वहीं विदेशी प्रतिनिधियों (Foreign Delegates) की उपस्थिति एवं भूमिका ने युवा संसद को और अधिक रोचक तथा वास्तविक संसदीय स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेडमास्टर कंचन लखन पाल रहे। कार्यक्रम के दौरान अंजना शर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
युवा संसद के सफल आयोजन में एक्टिविटी हेड शिक्षिकाएँ पूजा शर्मा और निशा राणा का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने न केवल अपने संवाद एवं प्रस्तुति कौशल को निखारा, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर भी प्राप्त किया।
यह युवा संसद विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व, तर्क-वितर्क, आत्मविश्वास, संवाद-कौशल और लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने वाला एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुई।


















