बदहाल व्यवस्था के चलते विद्यार्थी परिषद का धरना प्रदर्शन मांगी पूरी नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन -अमन कपिलेश 

चकमोह/हमीरपुर:-  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद श्री विश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय चकमोह इकाई द्वारा आज महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं और विद्यार्थियों की मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया।

इकाई सचिव अमन कपिलेश ने कहा कि श्री विश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय चकमोह लंबे समय से राजनीतिक उपेक्षा का शिकार होता आ रहा है। इस महाविद्यालय में हिमाचल प्रदेश के 8 जिलों से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं, लेकिन इसके बावजूद महाविद्यालय मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में ज्योतिष, इतिहास, वेद, हिंदी, कर्मकांड सहित कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

 

ABVP ने महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। विद्यार्थियों के अनुसार पिछले दो वर्षों से सेमिनार हॉल का दरवाजा टूटा हुआ है, डैक्स टूटे पड़े हैं तथा फर्नीचर की हालत बेहद खराब है। वहीं महाविद्यालय की भवन संरचना भी जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है।

 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल निर्माण हेतु जमीन का चयन तो किया जा चुका है, लेकिन अभी तक हॉस्टल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन से मांग की कि रिक्त शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरा जाए, जर्जर भवन एवं फर्नीचर की मरम्मत करवाई जाए, सेमिनार हॉल के दरवाजे व टूटे डैक्स को ठीक करवाया जाए तथा चयनित भूमि पर छात्रावास का निर्माण जल्द शुरू किया जाए।

 

ABVP ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा और जब तक समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता, तब तक छात्रहित में संघर्ष जारी रहेगा।

 

इस अवसर पर शुभम शर्मा, जतिन ठाकुर, सनातन डोगरा, अनिकेत शर्मा, संदीप शर्मा सहित महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।

[post-views]