



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जनसंपर्क अभियान के तहत कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने पंचायत क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को सुना। पंचायत पहुंचने पर ग्रामीणों ने डॉ. वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया।

25 लाख की लागत से बनेगा डुगली आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी भवन




इस अवसर पर पंचायत प्रधान सुमन शर्मा ने डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा का टोपी व शाल पहनाकर स्वागत किया और उसके पश्चात ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का डुगली-डबरेडा सड़क का करोड़ों के बजट से चौड़ीकरण के लिए और पंचायत के भवन के लिए लाखों का बजट देकर उसका निर्माण करवाने के लिए भी आभार व्यक्त किया।







उन्होंने कहा कि यह सड़क वर्षों से क्षेत्र की जीवनरेखा रही है और इसके बेहतर एवं चौड़े होने से आसपास के गांवों के लोगों को हमीरपुर पहुंचने के लिए सुविधाजनक और छोटा मार्ग उपलब्ध हुआ है।



आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के भवन के लिए ₹25 लाख




पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी डुगली के अपने भवन की मांग उठाई। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने बताया कि इस विषय को पिछले वर्ष ही मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था और इसके लिए ₹25 लाख के बजट का प्रावधान करवाया गया है और संबंधित विभाग को भेज दिया गया है और जल्द ही अब आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी डुगली का अपना भवन होगा।



उन्होंने कहा कि जल्द ही डिस्पेंसरी का अपना भवन बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एलोपैथिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में एक बड़े आयुर्वेदिक संस्थान की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
लम्बलू आयुर्वेदिक अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा की मांग

ग्रामीणों ने क्षेत्र के आयुर्वेदिक अस्पताल लंबलू में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी। डॉ. वर्मा ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव पिछले वर्ष ही आयुर्वेदिक विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा जा चुका है।

अस्पताल के उन्नयन के समय आवश्यक पदों की व्यवस्था पिछली सरकारों में नहीं की गई जिसकी वजह से यह कठिनाई सामने आ रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यक पदों की व्यवस्था के बाद अस्पताल से क्षेत्रवासियों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
हमीरपुर को स्वास्थ्य एवं रोजगार का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में काम
डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण मील के पत्थर स्थापित किए हैं। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को इस दृष्टि से विकसित किया जा रहा है कि यहां लोगों को बेहतर एवं आधुनिक उपचार मिलने के साथ-साथ रोजगार के हजारों अवसर भी पैदा हों।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर को 100 सीटों वाला नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज तथा लगभग ₹650 करोड़ की लागत से बनने वाला कैंसर रिसर्च संस्थान दिया गया है। मेडिकल कॉलेज को आधुनिक डायग्नोस्टिक मशीनरी और स्वास्थ्य उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर जांच और उपचार की सुविधा मिल सके।
डॉ. वर्मा ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि पंचायत का अपना पंचायत भवन भी शीघ्र बनकर तैयार होगा और इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आएगा बड़ा बदलाव
उन्होंने ग्रामीणों को प्रदेश सरकार इस 2 अक्टूबर से 2 लाख जरूरतमंद परिवारों के लिए ₹1500 प्रतिमाह और 300 यूनिट बिजली मुफ्त देगी। इसका उद्देश्य करीब दो लाख जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि इनमें 90 हजार परिवार संख्या ऐसे परिवारों की है, जो पहले कभी बीपीएल की श्रेणी में नहीं आ पाए थे। पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी सुविधाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
“अब आपकी बारी है—व्यवस्था परिवर्तन में मुख्यमंत्री का साथ दें”
डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नियमित रोजगार देने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। उन्होंने वन मित्र, बिजली मित्र और रोगी मित्र जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और प्रदेश को विकास की नई दिशा देना है।
अंत में उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया, “मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन की सोच के साथ काम कर रहे हैं। अब आपकी बारी है कि इस विकास यात्रा में उनका साथ दें और 2027 में कांग्रेस सरकार को दोबारा मजबूत जनादेश देकर प्रदेश की सेवा का अवसर प्रदान करें।”

















