



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा के सानिध्य में आर्य युवा समाज एवं डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, आलमपुर द्वारा श्रावणी उपाकर्म के पावन अवसर पर आयोजित वेद प्रचार सप्ताह का भव्य समापन विशाल शोभायात्रा एवं वैदिक जागरूकता रैली के साथ हुआ।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा पीढ़ी को वेदों, वैदिक संस्कृति तथा महर्षि दयानंद सरस्वती के सत्य, सदाचार, अनुशासन, स्वावलंबन एवं राष्ट्रहित के संदेशों से जोड़ना रहा।




समारोह का शुभारंभ विधिवत विशाल यज्ञ के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा, अध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित कीं।







वैदिक मंत्रों के सामूहिक उच्चारण एवं पवित्र अग्नि में अर्पित आहुतियों से विद्यालय परिसर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।


वेद प्रचार सप्ताह के अंतिम दिन विद्यार्थियों द्वारा भव्य वैदिक जागरूकता रैली एवं शोभायात्रा निकाली गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं उमंग के साथ इसमें भाग लिया और समाज को वेदों के ज्ञान, संस्कारों, सदाचार एवं नैतिक जीवन का संदेश दिया।



रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने युवा पीढ़ी को अपनी प्राचीन वैदिक संस्कृति की समृद्ध विरासत को समझने, अपनाने एवं आगे बढ़ाने का प्रेरक संदेश दिया।


इस अवसर पर जांगल(आलमपुर) पंचायत के प्रधान श्री विनय खरोटिया व् आलमपुर पुलिस चौकी के ए.एस.आई. श्री नरेंद्र कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासन, उत्साह एवं वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण की सराहना की तथा ऐसे आयोजनों को समाज में संस्कार एवं नैतिक चेतना जागृत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध वैदिक परंपरा, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से महर्षि दयानंद सरस्वती के सत्य, सदाचार, अनुशासन, स्वावलंबन एवं राष्ट्रहित के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

विशाल यज्ञ, वैदिक भजन, शोभायात्रा एवं जागरूकता रैली ने पूरे आयोजन को भव्य, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बना दिया।

















