भटेड़ क्षेत्र में लगेंगी सोलर लाइटें और बावड़ी का जीर्णोद्धार भी होगा: सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरवार को नगर निगम हमीरपुर के वार्ड नंबर 6 अंतर्गत भटेड़ क्षेत्र का दौरा करके स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा साढे तीन वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी भी दी।

इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मुख्यतः सोलर लाइटें लगाने, बावड़ी के जीर्णोद्धार, रिटेनिंग दीवार के निर्माण और अन्य मांगें सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष रखीं। इनके अलावा विभिन्न सुविधाओं से संबंधित अन्य समस्याएं भी उठाईं।

सुनील शर्मा बिट्टू ने इन सभी समस्याओं एवं मांगों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि सोलर लाइटें लगाने, बावड़ी के जीर्णोद्धार और रिटेनिंग दीवार के निर्माण के लिए शीघ्र ही पर्याप्त बजट का प्रावधान करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर शहर और इसके आसपास के क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए करोड़ों रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। भटेड़ क्षेत्र के बाशिंदों को भी इनका सीधा लाभ होगा।

इस अवसर पर स्थानीय निवासी रूप लाल, देशराज, देवराज पटियाल, राज कुमार, सुमना देवी, अशोक कुमार और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

[post-views]