



सुजानपुर/हमीरपुर :- सुजानपुर ब्लॉक में BDC चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा समर्थित सुरेश चंद ने अध्यक्ष पद पर तथा रंजना कुमारी ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर भाजपा के पक्ष में अपना परचम लहराया।

अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सुरेश चंद को 9 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को 6 वोट प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित रंजना कुमारी को 10 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार शिल्पा को 5 वोट प्राप्त हुए।



इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा ने इस जीत को भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और सुजानपुर की जनता की जीत बताया।






राजिंदर राणा ने कहा कि सुजानपुर ब्लॉक में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जनता कांग्रेस सरकार से उसकी कथित झूठी गारंटियों का हिसाब मांगेगी।


उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सुजानपुर की जनता कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त करवाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि BDC चुनाव का यह परिणाम आने वाले समय में सुजानपुर की राजनीतिक दिशा का संकेत है।



भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुरेश चंद और उपाध्यक्ष रंजना कुमारी को बधाई देते हुए इसे संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया।




















