



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भोरंज/डूंगरी: PM SHRI जवाहर नवोदय विद्यालय, डूंगरी के प्रांगण में युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा’ का विशेष आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री (महिला मोर्चा) कमलेश कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

PM SHRI जवाहर नवोदय विद्यालय, डूंगरी में ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा’ का भव्य आयोजन




कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ग्राम सभा की पूरी कार्यप्रणाली को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।






पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ा



विद्यार्थियों ने स्वयं पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका निभाते हुए गांव के विकास, पर्यावरण संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता अभियानों और स्थानीय समस्याओं पर गंभीर एवं तर्कसंगत चर्चा की।



पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने अपने संबोधन में कहा,ग्राम सभा केवल एक सामान्य बैठक नहीं है, बल्कि ग्राम सभा लोकतंत्र की वह पहली पाठशाला है, जहां आम व्यक्ति अपनी बात रखता है और गांव के विकास की दिशा तय होती है। जब हमारे युवा इस प्रक्रिया से जुड़ते हैं, तो वे लोकतंत्र के वास्तविक अर्थ और अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को गहराई से समझते हैं।”


कमलेश कुमारी ने कहा”आज के युवा केवल हमारे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही मजबूत लोकतंत्र और सशक्त समाज की असली नींव है। ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा’ जैसी पहल युवाओं की आवाज़ को एक वैचारिक और जिम्मेदार मंच प्रदान करती है।”
“जब युवा गांव और समाज के बुनियादी मुद्दों पर खुलकर बात करते हैं, तो नीति-निर्माण में नई सोच और सकारात्मक ऊर्जा का समावेश होता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं, जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में मदद करेंगे।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और उनके प्रस्तुतीकरण की भूरि-भूरि सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में हमारे युवा वर्ग की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
विद्यालय प्रशासन और अध्यापकों ने मुख्य अतिथि कमलेश कुमारी का मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिवार को इस सफल और प्रेरणादायक आयोजन हेतु बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का आह्वान किया।

जारीकर्ता:कार्यालय – कमलेश कुमारी (पूर्व विधायक एवं प्रदेश महामंत्री, भाजपा महिला मोर्चा) सम्पर्क: कार्यालय मीडिया सेल

















