हमीरपुर की जनता ने कांग्रेस सरकार को जिला परिषद व Bdc चुनावों मे हरा कर दिया स्पष्ट संदेश: नरेंद्र ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  सुजानपुर: जिला परिषद चुनावों में मिली जीत के बाद अब सुजानपुर में बीडीसी चेयरमैन एवं उपाध्यक्ष के पदों पर भाजपा का कब्जा यह स्पष्ट संकेत है कि जिला हमीरपुर की जनता कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रति अपना असंतोष लगातार जाहिर कर रही है। यह बात भाजपा सुजानपुर के मीडिया प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने प्रेस बयान में कही।

नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि जिला हमीरपुर के बाद अब सुजानपुर की जनता ने भी अपना स्पष्ट संदेश दे दिया है। बीडीसी के महत्वपूर्ण पदों पर भाजपा की विजय इस बात का प्रमाण है कि जनता प्रदेश सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है और कांग्रेस सरकार को पूरी तरह विफल मान रही है।

 

उन्होंने कहा कि आज आम जनता मेडिकल सुविधाओं, सड़कों, बिजली व्यवस्था तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर परेशान है।

 

कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू अथवा संचालित की जा रही हिमकेयर योजना और सहारा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रहा है।

 

इसके कारण लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है हाल ही मे हिम केयर योजना का लाभ न मिल कर मरीजों की मृत्यु भी हुयी है ।

 

नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार को जमीनी हकीकत को समझते हुए जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, केवल घोषणाओं और कार्यक्रमों से जनता की परेशानियां दूर नहीं होंगी। चुनाव परिणामों के माध्यम से जनता ने सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हमीरपुर के कंगू नादौन दौरे के दौरान आयोजित होने वाले मेडिकल कैंप को लेकर भी भाजपा पूरी जानकारी जनता के सामने रखेगी। इस मेडिकल कैंप की वास्तविकता और उससे जुड़े तथ्यों को जल्द ही जनता के सामने उजागर किया जाएगा, ताकि लोगों को सच्चाई का पता चल सके।

 

नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में जिला हमीरपुर की जनता कांग्रेस सरकार के कार्यों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। भाजपा जनता की आवाज बनकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

 

 

[post-views]