



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल, आलमपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न अंतर-सदनीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर “जीवन में खेलों का महत्व” विषय पर अंतर-सदनीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों—स्वामी दयानंद सदन, गुरुदत्त विद्यार्थी सदन, हंसराज सदन एवं आनंद स्वामी सदन—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



इसके साथ ही विद्यालय में अंतर-सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। चारों सदनों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीमवर्क, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खेलों के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।






विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। नियमित रूप से खेलों में भाग लेने से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व और सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने प्रतियोगिता में विजेता सदन के विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।























