



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में राष्ट्रीय खेल दिवस एवं मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल एवं तैराकी प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में विद्यालय के अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।




इस अवसर पर कक्षा तीसरी से पांचवी तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न एथलेटिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।







कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों ने 30 मीटर दौड़ एवं बैलेंस रेस, कक्षा चौथी ने 40 मीटर दौड़ एवं ऑब्स्टेकल रेस तथा कक्षा पाँचवीं ने 50 मीटर दौड़ एवं सैक रेस में भाग लिया।



इसके अतिरिक्त कक्षा तीसरी से पांचवी तक के विद्यार्थियों के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। वहीं, कक्षा चौथी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 60 विद्यार्थियों, जिनमें 35 लड़के और 25 लड़कियाँ शामिल थीं, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




कक्षा चौथी से छठी के विद्यार्थियों के लिए 30 मीटर फ्रीस्टाइल, जबकि कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर फ्रीस्टाइल एवं 50 मीटर बैकस्ट्रोक प्रतियोगिताएँ कराई गईं।


विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। इन विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में गति, संतुलन, समन्वय, शारीरिक फिटनेस, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुणों का विकास हुआ।
नन्हे खिलाड़ियों और तैराकों ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमन कुमारी तथा पूनम एवं संपूर्ण खेल विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सभी प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं आयोजन को सफल बनाने वाले शिक्षकों की सराहना की गई। राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए उत्साह, उमंग, आनंद और खेल भावना से भरपूर रहा।


















